कालाढूंगी। विजयपुर गांव में गुलदार की दहशत से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। देर शाम गुलदार ने 10 वर्षीय बालक अंश पर झपट्टा मार दिया। अंश ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में गुलदार की लगातार मौजूदगी के चलते शाम होते ही घरों से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मामले का संज्ञान लिया। गदगदिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी जगदीश जोशी ने बताया कि विभाग को घटना की जानकारी है। उन्होंने बताया कि पीड़ित अंश का उपचार कराया गया है। नियमानुसार आवश्यक उपचार और प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित को मुआवजा भी उपलब्ध कराया जाएगा।
गुलदार के हमले के बाद विजयपुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही उन्हें अपने घरों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

