कालाढूंगी। हल्द्वानी हाईवे पर रविवार रात हनुमान मंदिर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी कालाढूंगी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान वार्ड नंबर छह निवासी 35 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पंकज गुलजारपुर वन निगम डिपो में ट्रक चालक था। रविवार शाम वह अपना ट्रक डिपो में खड़ा करने के बाद पैदल घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि रात करीब पौने नौ बजे सड़क किनारे एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पंकज की पत्नी अस्पताल पहुंची। पति की मौत की खबर सुनकर वह बदहवास हो गई। मृतक के तीन बच्चे हैं। पत्नी ने पुलिस को बताया कि पंकज पिछले तीन दिनों से ट्रक के टूर पर था और वह दिनभर से उसे फोन कर रही थी, लेकिन फोन नहीं उठ रहा था।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

