कालाढूंगी। जिला कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हरिद्वार ने उधम सिंह नगर को 55-30 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव मनमोहन सिंह बसेड़ा ने बताया कि दिन के पहले मुकाबले में टिहरी ने नैनीताल को 30-25 से पराजित किया। दूसरे मैच में उधम सिंह नगर ने उत्तरकाशी को 32-7 से हराया। तीसरे मुकाबले में हरिद्वार ने पिथौरागढ़ को 31-8 से पराजित किया, जबकि चौथे मुकाबले में टिहरी ने चमोली को 24-19 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में हरिद्वार ने टिहरी को 34-15 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में उधम सिंह नगर ने देहरादून को 28-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में हरिद्वार और उधम सिंह नगर के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हरिद्वार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उधम सिंह नगर को 55-30 से पराजित कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को विधायक बंशीधर भगत, ब्लॉक प्रमुख मनीषा जंतवाल और जिला पंचायत सदस्य डॉ. छवि कांडपाल ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, कबड्डी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मेजर सिंह, उपसचिव परमवीर सिंह, नैनीताल कबड्डी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कुंदन बसेड़ा, कृष्ण लर्निंग अकादमी के प्रबंधक विनोद जोशी, विक्रम जंतवाल, राजेश बिष्ट, नितिन पडलिया, सूरज सैनी, शुभम नेगी, दीपक बुढलाकोटी, मयंक मेहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

