कालाढूंगी। नगर के शिव मंदिर में गणेश महोत्सव सेवा समिति की ओर से आयोजित 17वें गणेश महोत्सव का रविवार को गणेश प्रतिमा के विधिवत विसर्जन के साथ समापन हो गया। सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
समापन के अवसर पर शिव मंदिर से गणेश प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजार से होते हुए बोर नदी पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया।
शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे लगाते हुए गणेश जी को विदाई देते नजर आए।
विसर्जन कार्यक्रम के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गणेश महोत्सव सेवा समिति के अध्यक्ष ललित मोहन कांडपाल ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना तथा समाज में आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। वहीं महासचिव दीपक बनोला ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

