कालाढूंगी। जिलाधिकारी नैनीताल एवं उपजिलाधिकारी कालाढूंगी के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार, 21 सितंबर 2026 को तहसील कालाढूंगी क्षेत्र में संचालित विभिन्न कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण तहसीलदार कालाढूंगी पूजा शर्मा के नेतृत्व में किया गया।
निरीक्षण के दौरान कालाढूंगी स्थित देवभूमि CSC सेंटर, रावत CSC सेंटर, जनसेवा केंद्र गुलजारपुर बंकी तथा मालिक CSC सेंटर का जायजा लिया गया। वहीं उमा कम्युनिकेशन और कॉर्बेट CSC सेंटर बंद पाए गए।
निरीक्षण में देवभूमि CSC सेंटर और रावत CSC सेंटर का कार्य संतोषजनक पाया गया। जबकि मालिक CSC सेंटर पर कार्य संतोषजनक नहीं मिलने पर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को निरीक्षण आख्या प्रेषित कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पूजा शर्मा के साथ राजस्व निरीक्षक राजीव सिंह बिष्ट एवं राजस्व उपनिरीक्षक हरीश गिरी भी मौजूद रहे।
तहसील प्रशासन ने CSC सेंटरों के माध्यम से आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता एवं कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

