कालाढूंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बिठौरिया मंडल के आंगनबाड़ी केंद्र बिष्ट धड़ा में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने शिरकत की।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए उनके सेवाभाव और समाज निर्माण में योगदान की सराहना की गई। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई।
सुरेश भट्ट ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ एवं संस्कारवान समाज की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कंचन उप्रेती, पार्षद दीपक बिष्ट सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

