कालाढूंगी/हल्द्वानी। भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कालाढूंगी विधानसभा के भाजपा नेता मनोज पाठक ने हल्द्वानी ब्लॉक के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोषण माह में सहभागिता की।
कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर मनोज पाठक ने कहा कि “स्वस्थ बचपन ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की जिम्मेदारी पूरे समाज की है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी का संकल्प होना चाहिए।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृशक्ति और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मुखानी मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष गंगा शाह, शंभू शाह, विनोद सिंह नेगी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, लाभार्थी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

