कालाढूंगी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कालाढूंगी तहसील परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। तहसील अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के उपरांत तहसील परिसर में कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। कर्मचारियों ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने क्षेत्रवासियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलना और उनके विचारों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
रिपोर्टर – मनोज पंत

