पोषण माह कार्यक्रमों में शामिल हुए मनोज पाठक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति से किया संवाद

 

 

 

 

 

कालाढूंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज पाठक ने कालाढूंगी विधानसभा के हल्द्वानी ब्लॉक स्थित विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित पोषण माह कार्यक्रमों में सहभागिता की।

 

विठौरिया मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रेमा जोशी के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मनोज पाठक ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

 

मनोज पाठक ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के केंद्र नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ, संस्कारित और सशक्त पीढ़ी के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि ‘आंगनवाड़ी मिलन सेवा’ के माध्यम से माताओं और बच्चों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

 

उन्होंने कहा कि स्वस्थ बाल पीढ़ी और सशक्त मातृशक्ति ही मजबूत समाज एवं समृद्ध राष्ट्र की नींव हैं। बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में परिवार, समाज और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण है।

 

इस दौरान मनोज पाठक ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता स्थानीय स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं और जागरूकता को परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

 

कार्यक्रम में मौजूद मातृशक्ति एवं स्थानीय लोगों ने भी बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और आंगनवाड़ी केंद्रों से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।