नैनीताल। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने नैनीताल जिले की धारी तहसील में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सतर्कता विभाग के अनुसार, ग्राम मझेड़ा में शिकायतकर्ता की भूमि की नाप कराने के एवज में पटवारी द्वारा कथित तौर पर रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसके बाद उसने सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।
विभाग के मुताबिक, शिकायत की जांच में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप टीम का गठन किया गया।
26 सितंबर को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने धारी तहसील में ट्रैप की कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन
सतर्कता विभाग ने आम लोगों से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने की अपील की है। शिकायत के लिए विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 पर संपर्क किया जा सकता है।
नोट: गिरफ्तारी और रिश्वत लेने से जुड़े आरोप सतर्कता विभाग द्वारा बताए गए तथ्यों पर आधारित हैं; मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा।
रिपोर्टर -*मनोजपंत*

