नशा मुक्त भारत का संदेश लेकर निकली पदयात्रा तीसरे दिन चकलुवा पहुंची, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

 

कालाढूंगी। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गुंजन तिवारी के नेतृत्व में निकाली जा रही चार दिवसीय जागरूकता पदयात्रा तीसरे दिन चकलुवा पहुंची। कोटाबाग से शुरू हुई यह पदयात्रा कमोला सहित विभिन्न गांवों से होते हुए चकलुवा स्थित कृष्णा लर्निंग एकेडमी में पहुंचकर आज के लिए विराम पर संपन्न हुई।

 

पदयात्रा के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एसडीएम कालाढूंगी सुधीर कुमार, एसएचओ कालाढूंगी अरुण सैनी और नगर निगम अध्यक्ष रेखा कत्यूरा मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया और नशामुक्त समाज बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

जागरूकता पदयात्रा में वर्तमान एवं निवर्तमान जनप्रतिनिधियों ने भी भागीदारी की। इनमें अनिल चन्याल, संदीप चन्याल, चन्द्रप्रकाश बुढ़लकोटी और मदन बधानी सहित अन्य लोग शामिल रहे।

 

चार दिवसीय इस पदयात्रा का उद्देश्य गांव-गांव तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।