कालाढूंगी में शराब की 3 दुकानों पर छापेमारी, ओवर रेटिंग और रजिस्टर मेंटेन न होने पर जांच

 

 

 

कालाढूंगी। शराब की दुकानों में ओवर रेटिंग और रिकॉर्ड के रखरखाव को लेकर तहसील प्रशासन ने शुक्रवार को ताबड़तोड़ छापेमारी की। एसडीएम सुधीर कुमार और तहसीलदार पूजा शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कालाढूंगी की दो शराब दुकानों के साथ ही नैनीताल तिराहे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का भी निरीक्षण किया।

 

जांच के दौरान तीनों दुकानों पर शराब की बिक्री, निर्धारित रेट, स्टॉक और संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। प्रशासन के अनुसार जांच में ओवर रेटिंग पाए जाने के साथ कुछ दुकानों पर निर्धारित रजिस्टरों का नियमानुसार रखरखाव नहीं होना भी सामने आया।

 

नैनीताल तिराहे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में भी टीम ने रेट और रिकॉर्ड की जांच की। यहां ओवर रेटिंग के साथ रजिस्टर मेंटेन नहीं होने से संबंधित खामियां पाए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके पर उपलब्ध दस्तावेजों और स्टॉक का भी मिलान किया।

 

तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली अथवा नियमों के अनुसार अभिलेखों का रखरखाव नहीं किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन की अचानक हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में शराब की दुकानों पर मिल रही शिकायतों के बाद की गई जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

रिपोर्टर – मनोज पंत