जन्मदिन से पहले सेवालय के बच्चों के बीच पहुंचे भाजपा नेता मनोज पाठक, सेवा और अपनत्व के साथ बांटी खुशियां

 

 

 

हल्द्वानी। कालाढूंगी विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मनोज पाठक ने अपनी टीम के समर्पित सदस्य अंकुर पंत के जन्मदिवस से एक दिन पूर्व सेवा और सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल की। इस अवसर पर वह हल्द्वानी ब्लॉक के लामाचौड़ मंडल के नंदपुर गांव स्थित सेवालय संस्था पहुंचे, जहां उन्होंने संस्था में रह रहे बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन प्रसाद ग्रहण कर खुशियां साझा कीं।

 

मनोज पाठक ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को केवल व्यक्तिगत खुशियों तक सीमित रखने के बजाय जरूरतमंद और वंचित वर्ग के साथ मनाना अधिक सार्थक है। बच्चों के बीच समय बिताने, उनका स्नेह पाने और उनके चेहरों पर मुस्कान देखने से आत्मिक संतोष मिलता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अपनी सामर्थ्य के अनुसार सेवा कार्यों में योगदान देने की अपील की।

 

इस दौरान उन्होंने सेवालय संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था बेसहारा एवं दिव्यांग बच्चों को संरक्षण, शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। ऐसे संस्थान बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

वहीं, संस्था के प्रबंधन का कार्य देख रहे रोहित जोशी ने मनोज पाठक के सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने संस्था के बच्चों की ओर से इस आत्मीय पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ बिताए गए आत्मीय पलों ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस पहल के माध्यम से संदेश दिया गया कि खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और जरूरतमंदों के साथ खड़े होना ही सच्ची सेवा है।