खेल महाकुंभ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों का सम्मान

 

चकलुवा/कालाढूंगी। चकलुवा स्थित कृष्ण लर्निंग एकेडमी में खेल महाकुंभ के अंतर्गत न्याय पंचायत, संसदीय एवं विधानसभा स्तर पर प्रतिभाग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैकड़ों प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।

 

कार्यक्रम में कालाढूंगी विधानसभा के भाजपा नेता मनोज पाठक ने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है।

 

मनोज पाठक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता राम सिंह बोरा, खष्टी बल्लभ जोशी, विनोद चंद्र जोशी, विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनाक्षी जलाल, पीटीआई नीलम उपाध्याय एवं गीता शाह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।

 

इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के मैदान से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।