मनोज पाठक के जन्मदिन पर भूमिया मंदिर में 5100 दीपों का दीपदान, प्रभु लीला मंचन से भक्तिमय हुआ माहौल

 

 

 

कालाढूंगी। भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं कालाढूंगी विधानसभा के वरिष्ठ नेता मनोज पाठक के जन्मदिवस पर हल्द्वानी ब्लॉक के बिठौरिया मंडल स्थित भूमिया मंदिर परिसर में भव्य दीपदान एवं प्रभु लीला मंचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एकपर्णिका योग परिवार के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में 5100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रभु लीला मंचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।

 

इस अवसर पर मनोज पाठक ने कहा कि जन्मदिवस उनके लिए केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने का दिन है। उन्होंने कहा कि दीपदान अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और स्वार्थ से सेवा की ओर बढ़ने का संदेश देता है। वहीं, प्रभु की लीलाएं सत्य, मर्यादा, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

 

मनोज पाठक ने परिवारजनों, इष्ट-मित्रों, एकपर्णिका योग परिवार, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं ने उनके जन्मदिवस को विशेष बना दिया। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनसेवा के लिए निरंतर समर्पित रहने का संकल्प भी दोहराया।

 

कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण और क्षेत्रवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।