जुबानी जंग तेज: गजराज बिष्ट ने बंशीधर भगत पर किया पलटवार, बोले- उम्र के साथ गंभीरता भी जरुरी

 

 

 

 

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं बंशीधर भगत और गजराज बिष्ट के बीच चल रही जुबानी जंग अब खुलकर सामने आती दिखाई दे रही है। हल्द्वानी के महापौर गजराज बिष्ट ने विधायक बंशीधर भगत के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए उनके बयानों की गंभीरता पर सवाल उठाए।

 

खो-खो प्रतियोगिता के दौरान मीडिया से बातचीत में गजराज बिष्ट ने कहा कि वह बंशीधर भगत के बयानों का जवाब देना पसंद नहीं करते। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा का कोई गंभीर नेता किसी मुद्दे पर बात रखता है तो वह उसका जवाब जरूर देंगे।

 

छात्रसंघ चुनाव में लाठीचार्ज को लेकर भी दिया जवाब

 

छात्रसंघ चुनाव के दौरान हुए लाठीचार्ज के मुद्दे पर गजराज बिष्ट ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई छात्रों पर नहीं, बल्कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री और जिला मंत्री पर हुई थी। उन्होंने इस मामले को लेकर अपने पहले दिए गए बयान का भी बचाव किया।

 

कांग्रेस सरकार के दौर पर भी किया पलटवार

 

बंशीधर भगत के उस बयान पर भी गजराज बिष्ट ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें भगत ने उन्हें कांग्रेस सरकार के दौर की याद दिलाने की बात कही थी। गजराज बिष्ट ने कहा कि उन्हें कांग्रेस सरकार के समय का दौर अच्छी तरह याद है और उस दौरान उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गए थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए निष्ठा के साथ काम किया है और उन्हें किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।

 

उम्र को लेकर भी कसा तंज

 

गजराज बिष्ट ने बंशीधर भगत की उम्र को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत 80 वर्ष के हो चुके हैं, लेकिन उनके अनुसार उम्र के साथ बातचीत में गंभीरता भी होनी चाहिए। गजराज बिष्ट के इस बयान के बाद कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में दोनों नेताओं के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।

 

फिलहाल, आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी ने कालाढूंगी की सियासत को चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि बंशीधर भगत की ओर से गजराज बिष्ट के इस पलटवार पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।